खटौली गांव में जन्माष्टमी पर भव्य शोभायात्रा निकाली
देवबंद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में सोमवार को खटौली गांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें भगवान श्रीकृष्ण की वेशभूषा पहने बच्चों ने आकर्षक झांकियों से सबका मन मोह लिया। आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा प्राचीन शिव मंदिर से शुरू हुई। जिसका उद्घाटन पूर्व प्रधान नरेंद्र त्यागी और कृष्णदत्त त्यागी ने फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव भारत ही नहीं अपितु पूरे विश्व में धार्मिक परंपराओं के साथ मनाया जाता है। क्योंकि विश्व में भगवान श्रीकृष्ण करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं। शिव मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा रविदास मंदिर, भूमियाखेड़ा आदि स्थानों से होती हुई शिव मंदिर पर जाकर संपन्न हुई। शोभायात्रा में छोटे बच्चे भगवान श्री कृष्ण, राधारानी का वेश धारण कर झांकियों में शामिल हुए। इस दौरान प्रस्तुत भजनों पर भक्तजन झूम उठे। शोभायात्रा में मंदिर कमेटी अध्यक्ष नीरज त्यागी, मोनू त्यागी, नीरज, सन्नी, अमित शर्मा, गगन त्यागी, राजीव, कुलदीप शर्मा, अमरीश बिरला, विपिन राठौर, फूलचंद राठौर, नितिन त्यागी, विदित त्यागी, संदीप त्यागी, संजय त्यागी, बिजेंद्र त्यागी, कार्तिकेय धीमान, दुष्यंत शर्मा आदि मौजूद रहे।