रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। जमीयत उलमा ए हिंद के अध्यक्ष दारूल उलूम शिक्षा विभाग के प्रभारी मौलाना सैय्यद अरशद मदनी के साहबजादे मौलाना हुसैन मदनी व हबबीबूल मदनी ने कहा कि मुसलमान आज के दौर में अपने अमाल की वजह से परेशान है क्योंकि उसने अल्लाह के हुक्म और नबी के तरीकों को छोड़ दिया है। मोहल्ला महल में हिंदू-मुस्लिम एकता समिति के अध्यक्ष आस मोहम्मद सैफी के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मौलाना हुसैन मदनी ने कहा कि मुसलमानों को अपने बच्चों को दीन के साथ-साथ शिक्षा की तमाम तालीम हासिल कराए। उन्होंने कहा कि इस्लाम को मानने वालों को चाहिए कि वह जिस मुल्क में रहते हैं, उस मुल्क के प्रति अपनी वफादारी निभानी चाहिए और उन्हें कुरआन के बताए मार्ग पर चलकर अमन शांति को पैगाम फैलाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 19 फरवरी को अंबेहटा पीर स्थित मौलाना हुसैन मदनी मदरसे में पश्चिम यूपी के 22 मदारिस के हुफ्फाज व कुर्रा इकराम किराते मुकाबला होगा। इसमें दारूल उलूम देवबंद के पूर्व मोहतमिम मौलाना गुलाम वस्तानवी, मौलाना असद मदनी व दीगर उलमा तशरीफ लाएंगे। इस दौरान हाजी इकराम, हाफिज यासीन, हाजी इकबाल, आस मोहम्मद सैफी, शाहनवाज आदि रहे।