गंगोह (सहारनपुर)। गांव सिकंदरपुर में किसान पाठशाला आयोजित कर किसानों को मिट्टी की उर्वरा बढ़ाने और प्रमुख फसलों के बारे में जानकारी दी गई।
किसान पाठशाला का उद्घाटन ग्राम प्रधान सुनीता सिंह ने किया। कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक सोनू कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दो गुणा करना है। उन्होंने किसानों को बताया कि खेत में लगातार एक ही फसल उगाने से मिट्टी की उर्वरा शक्ति का ह्रास होता है। इस कारण फसल का उत्पादन भी प्रभावित होता है। कहा कि किसानों को उचित प्रकार के फसल चक्र द्वारा खेती करनी चाहिए। उन्होंने रबी की प्रमुख फसलों के बारे में भी जानकारी दी। सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए बीजों के अलावा टिकाऊ खेती एवं जैविक खेती की भी जानकारी दी गई। किसानों को मिट्टी की जांच कराकर ही आवश्यकता अनुसार खेत में रासायनिक खाद एवं उर्वरक का प्रयोग करने की सलाह दी गई। समापन देवेंद्र प्रधान द्वारा किया गया। साधु राम, ओमवीर, देवेंद्र, सुनीता आदि रहे।