अभी तक 5319 खंभों पर लगी चुकी हैं प्लास्टिक शीट, 8275 पर काम जारी
5004 क्षतिग्रस्त कंडक्टरों को बदला, जर्जर खंभे भी बदले जा रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। कांवड़ यात्रा को लेकर विद्युत निगम ने जर्जर खंभे, क्षतिग्रस्त लाइन, कंडक्टर को बदलने के साथ ही खंभों पर प्लास्टिक शीट लगाना शुरू कर दिया है। जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी कांवड़िये को परेशानी न हो। एलटी लाइनों के नीचे सुरक्षा जाल लगाया जाएगा। इसके अलावा जिले में निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी।
चार जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो रही है। इसके लिए विभिन्न विभाग तैयारी में जुटे हुए हैं। विद्युत निगम के मुख्य अभियंता एके आत्रेय ने बताया कि सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली में कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ मार्गों पर 14,512 बिजली खंभों पर प्लास्टिक शीट लगाने का लक्ष्य है, जिनमें से अब तक 5319 खंभे प्लास्टिक शीट से कवर कर लिए गए हैं, जबकि 8275 खंभों पर लगाने का काम चल रहा है। 5004 क्षतिग्रस्त कंडक्टरों को बदला गया।
लाइनों को फिर से व्यवस्थित और सड़क क्रॉसिंग लाइनों की सुरक्षा करना है। लाइनों को बैरीकेडिंग किया जाएगा। 1218 क्षतिग्रस्त खंभों को बदलने और नीचे से टूटे हुए खंभों की मरम्मत करने का लक्ष्य है। इनमें से 97 खंभे तो ठीक कर लिए गए है, जबकि 137 पर अभी काम जारी है। इनके अलावा पेड़ की शाखाओं को भी काटा जाएगा। मंडल में जहां-जहां पर कांवड़ शिविर लगेंगे, उनको अस्थायी बिजली कनेक्शन दिए जाएंगे। रिजर्व ट्रांसफार्मर ट्रॉली की भी उपलब्धता रहेगी।