बेहट (सहारनपुर)। अनवरपुर बरौली गांव के तालाब से बृहस्पतिवार की शाम तोप का गोला मिलने सनसनी फैल गई। सूचना मिलने कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गोले को कब्जे में ले लिया। तालाब से मिला गोला काफी पुराना लग रहा था, जिस पर जंग लगा हुआ था। पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को सूचना दे दी है। देर शाम तक पुलिस मौके पर बम निरोधक दस्ते की इंतजार कर रही थी। अनवर बरौली गांव निवासी धर्मवीर कश्यप ने पठलोकर मार्ग पर स्थित तालाब में सिंघाड़े लगा रखे हैं। बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे धर्मवीर तालाब में सिंघाड़े तोड़ रहा था। अचानक उसके पैर में कोई भारी वस्तु टकराई। उसने पानी में हाथ डालकर उसे बाहर निकाला, तो वह किसी तोप के गोले की तरह था। उसने तुरंत पुलिस और ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बम को कब्जे में ले लिया। कोतवाली के कार्यवाहक इंचार्ज चेतराम शर्मा ने बताया कि देखने में तोप का गोला लग रहा है जो काफी पुराना है और जिस पर जंग लगा हुआ है। उन्होंने अधिकारियों को अवगत करा दिया है। जांच के लिए बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया है। जांच के बाद ही इसके बारे में कुछ कहा जा सकेगा।