सहारनपुर। बृहस्पतिवार को शासन से प्रशासन के पास रावण की रिहाई का परवाना पहुंचने की सूचना जैसे ही भीम आर्मी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को हुई तो लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्राम रामनगर में लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और खुशी मनाई जाने लगी। मिठाइयां बंटनी शुरू हो गई, ढोल बजने लगे और आतिशबाजी की जाने लगी। चंद्रशेखर उर्फ रावण के फतेहपुर स्थित घर ही नहीं पूरे मोहल्ले में भी जश्न का माहौल बन गया। भीम आर्मी के पदाधिकारी कमल वालिया, प्रवीण गौतम, टिंकू कपिल, राजन, विनय रतन, मंजीत नौटियाल एवं अन्य कार्यकर्ता एकत्रित होकर फूल मालाएं लेकर लगभग साढ़े आठ बजे ही जिला कारागार के बाहर पहुंच गए और चंद्रशेखर के जेल से बाहर आने का इंतजार करने लगे।