बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। एनएच 307 के फोरलेन निर्माण को लेकर अधिग्रहण की गई भूमि पर जेसीबी चला कर निर्माण ध्वस्त करते हुए इसे कब्जा मुक्त कराया गया। इस दौरान भारी पुलिस फोर्स सहित पीएससी, तहसील प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारियों सहित नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी भी मौजूद रहे, जबकि कस्बे में अधिक भूमि अधिग्रहण करने को लेकर व्यापारियों में रोष नजर आया। मंगलवार को दोपहर बाद नेशनल हाईवे के अधिकारी तहसील प्रशासन की टीम सहित दिल्ली देहरादून हाईवे पर स्थित सुंदरपुर में जेसीबी लगाकर अधिग्रहण भूमि को कब्जा मुक्त कराया। उसके बाद पूरी टीम कस्बे में स्थित थाने के पास भी कुछ दुकानों को जेसीबी लगाकर ध्वस्त किया गया। इस संबंध में अथॉरिटी के जनरल मैनेजर राजकुमार ने बताया कि सुंदरपुर व कस्बे में जिन दुकानदारों को पूर्व मुआवजा देकर जगह खाली कराने के समय दे दिया गया था। लेकिन समय पूरा होने के बाद भी जगह खाली न करने पर प्रशासन की देख रेख में जेसीबी लगा कर अधिग्रहण की गई भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया है। इस दौरान कस्बे के व्यापारी व छोटे दुकानदार भी भयभीत नजर आये। जहां आज हर कोई अपने रोजगार को लेकर चिंतित नजर आ रहे थे। व्यापार मंडल के अश्वनी मित्तल व अशोक राठौर सहित आदि व्यापारियों ने दुकानदारों के हितों को ध्यान मे रखते हुये प्रशासन से मांग की है कि कस्बे में पूर्व लोक निर्माण विभाग द्वारा चिन्हित भूमि को ही अधिग्रहण किया जाये। जबकि व्यापारियों ने लोक निर्माण विभाग की भूमि व हाल में नेशनल हाईवे अथॉरिटी अधिग्रहण में अंतर को लेकर संशय बना हुआ है। जिसे लेकर व्यापारियों में रोष नजर आया। जिससे लेकर पूर्व प्रधान जयपाल कांबोज, महीपाल राठौर, पूर्व प्रधान त्रिलोक राठौर सहित जयकुमार, येतेन्द्र विष्ठ, कुलदीप वर्मा, हनी कांबोज आदि व्यापारियों ने बुधवार को जिलाधिकारी सहारनपुर से मिलने का निर्णय सर्वसम्मिति से लिया है।