बड़गांव (सहारनपुर)। ट्रांसफार्मर फुंकने से दलित बस्ती की एक हजार से ज्यादा की आबादी दस दिन से अंधेरे में रहने के लिए मजबूर है। जेई द्वारा स्टीमेट बनाने के बावजूद सहारनपुर स्टोर से ग्रामीणों को दूसरा ट्रांसफार्मर नहीं मिल पाया है। गांव चंदपुर गांव की दलित आबादी में लगा 63 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर दस दिन पहले खराब हो गया था। दलित सोमपाल, पवन, राजबीर, बिक्रम आदि ने बताया कि जेई बड़गांव ने स्टीमेट भी बना कर दे दिया था, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते ग्रामीणों को दूसरा ट्रांसफार्मर नहीं मिल पाया। इससे ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हाई स्कूल व इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं फरवरी माह में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन उन्हें बिजली नहीं मिल रही है।