गंगोह (सहारनपुर)। बारात घर व शिव मंदिर परिसर में बीएसएनएल का डिजिटल कार्यालय खुलवाने के ग्राम प्रधान के प्रस्ताव का गांव की पंचायत ने विरोध किया है। ग्राम मुबारिकपुर में पूर्व प्रधान द्वारा बनवाया गया बारात घर और शिव मंदिर एक ही परिसर में स्थित है। उसी में बीएसएनएल का डिजिटल कार्यालय खोला जाना प्रस्तावित है। ग्रामीणों में रामेश्वर, श्यामवीर, देशराज, बृजपाल, सीता, रामकला, रमेश सैनी, राजकुमार भगत आदि ने हिंदू वाहिनी के जिलाध्यक्ष संजय वर्मा व तरुण चौधरी के साथ मिलकर डीएम से शिकायत कर कहा कि गांव में बारात घर व उसमें स्थित शिव मंदिर है। जिसमें प्रधान बीएसएनएल का डिजिटल कार्यालय खोलना चाहता है। इससे ग्रामीणों की भावनाएं आहत होगी और मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान व यज्ञ करने में परेशानी आएगी। दूसरी ओर वहीं पर लोगों को बारात रोकने में भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों का कहना है, इसको लेकर गांव में पंचायत कर विरोध भी जताया जा चुका है। इसलिए इसको अन्य जगह बनाया जाना चाहिए। ग्राम प्रधान प्रीतम सैनी का कहना है कि मंदिर की आय बढ़ाने और गांव में मोबाइल सेवा के दृष्टिगत उक्त फैसला लिया गया है। लेकिन अगर ग्रामीण विरोध करेंगे तो इसको रुकवा दिया जाएगा।