आसिफ हत्याकांड का खुलासा करने पर पुलिस टीम को सम्मानित किया
गंगोह। ई रिक्शा चालक आसिफ हत्याकांड का खुलासा कर मुख्य आरोपी को जेल भेजने पर सर्वदलीय संघर्ष समिति और पीड़ित परिजनों द्वारा कोतवाली निरीक्षक और उनकी टीम को सम्मानित किया गया। बता दें कि 27 जून को मोहल्ला गुलाम औलिया निवासी 17 वर्षीय ई रिक्शा चालक आसिफ पुत्र शफीक का खून से लथपथ शव प्रभा गार्डन के बराबर वाली सड़क पर पड़ा हुआ मिला था। मामले में पीड़ित परिजनों ने सर्व दलीय संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल के साथ कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार से मिलकर हत्याकांड के खुलासे की मांग की थी। वारदात के करीब ढाई माह बाद पुलिस ने हत्याकांड में शामिल एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया था। इस मामले में दो साथी अभी फरार चल रहे हैं। बृहस्पतिवार को सर्वदलीय संघर्ष समिति और पीड़ित परिजनों द्वारा कोतवाली निरीक्षक जितेंद्र कुमार, एसआई सतवीर सिंह अत्री, एसआई प्रवीण कुमार, कांस्टेबल यूसुफ एवं टीम में शामिल अन्य सदस्यों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। पीड़ित परिजनों ने पुलिस द्वारा किए गए खुलासे पर संतुष्टि जताई, साथ ही फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने की मांग की गई। मृतक के पिता शफीक अहमद, इंतजार, सर्वदलीय संघर्ष समिति के अध्यक्ष नरेंद्र तायल, श्रवण शर्मा, शशिकांत शर्मा, हिदायत करीम अंसारी, डा. अमित गर्ग, नौशाद चौधरी, गगन गर्ग, राजेश काका, राकेश गोयल आदि शामिल रहे।