देवबंद (सहारनपुर)। जामिया इल्हामिया मदरसा तुल बनात में खत्म बुखारी शरीफ का आयोजन किया गया। जिसमें दारुल उलूम वक्फ के उस्ताद मौलाना फरीदुद्दीन कासमी ने बुखारी शरीफ का आखिरी दर्स दिया। रविवार की रात्रि मोहल्ला पठानपुरा स्थित मदरसे में आयोजित हुए कार्यक्रम में मौलाना फरीदुद्दीन कासमी ने कहा कि हजरत इमाम बुखारी जब भी कोई हदीस लिखा करते थे तो सबसे पहले गुस्ल किया करते थे। बच्चियों को नसीहत करते हुए मौलाना फरीद ने कहा कि आज तुम किसी की बेटी हो कल किसी की मां बनोगी तो इस इल्म को जो तुमने हासिल किया है उसकी रोशनी को हमेशा बरकरार रखना है और इससे दूसरों को फायदा पहुंचाना है। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को बुखारी शरीफ का आखिरी पाठ पढ़ाया। संस्था की प्रभारी खुर्शीदा खातून ने बताया कि इस वर्ष मरहबा रिजवान, अदीबा खान, शिफा रिजवी, शिफा देवबंदी, हसीना सलीम, नजराना साबिर, जरीन फारुक, तबस्सुम शमशाद, शहाना, शाजिया, जाहिरा, शगुफ्ता, जैनब समेत 17 छात्राओं ने शिक्षा पूर्ण की है। अंत में मौलाना फरीद ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और मुल्क में अमनो अमान के लिए दुआ कराई। इस मौके पर आयशा अकमल, जैनब अरशी, लियाकत, शबनूर, अशरफ, सुमैय्या, शाइस्ता, सुहैल खान, हाफिज शोएब, शाहिद हुसैन, शम्मन खान, मौलाना रिजवान आदि मौजूद रहे।