सहारनपुर। रेल यात्रियों की परेशानी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। अब मुरादाबाद-सहारनपुर सेक्शन के चुड़ियाला में रेलवे लाइन पर काम होने के चलते 12 ट्रेनें अलग-अलग तारीखों में प्रभावित रहेंगी। दो ट्रेनें निरस्त रहेंगी, जबकि चार सहारनपुर से ही वापस होगी और पांच लेट पहुंचेंगी। एक ट्रेन बदले मार्ग से चलेगी।
21 व 22 मई को चुड़ियाला रेलवे स्टेशन पर इंटरलॉकिंग का काम होगा। 21 मई को सुबह 11:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक और 22 मई को 12:10 बजे से दोपहर 3:10 बजे तक ब्लॉक लिया गया है। इसके चलते ट्रेन नंबर 04373 देहरादून-सहारनपुर और ट्रेन नंबर 04374 सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेस 21 व 22 मई को निरस्त रहेगी। ट्रेन नंबर 19020 हरिद्वार-बांद्रा एक्सप्रेस 21 व 22 को हरिद्वार से एक घंटे लेट चलेगी। ट्रेन नंबर 14618 अमृतसर-बनमनखी जनसेवा एक्सप्रेस 22 मई को अमृतसर से ढाई घंटे रोककर चलाया जाएगा। ट्रेन नंबर 14305 दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस 21 व 22 मई को दिल्ली से दो घंटे लेट चलेगी।
ट्रेन नंबर 22355 पाटलीपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 21 मई और ट्रेन नंबर 14317 इंदौर-देहरादून एक्सप्रेस 22 मई को एक-एक घंटे की देरी से सहारनपुर में पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 14712-11 हरिद्वार-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस और ट्रेन नंबर 12054-53 हरिद्वार-अमृतसर जनशताब्दी एक्सप्रेस 22 मई को अप-डाउन में सहारनपुर तक चलेगी। यहीं से ही वापस होंगी। ट्रेन नंबर 15011 लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस 22 मई को गजरौला, हापुड़, मेरठ होते हुए सहारनपुर आएगी।
21 मई को भी 28 ट्रेनों का संचालन रहेगा प्रभावित
21 मई को रेलवे यार्ड में काम होने के चलते 28 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इनमें 12 ट्रेनें निरस्त रहेंगी, जबकि 12 ही ट्रेनें बदले हुए मार्ग से चलेंगी। चार ट्रेनों को बीच रास्ते से वापस किया जाएगा। दो ट्रेनें चलेंगी जरूर, लेकिन उनमें इलेक्ट्रिक की जगह डीजल इंजन जोड़े जाएंगे, जिनकी व्यवस्था मुरादाबाद मंडल को करनी है।