बेहट (सहारनपुर)। रविवार की रात दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर ट्रैक्टर ट्राली से बाइक टकराने पर पावर कारपोरेशन में कार्यरत संविदाकर्मी लाइनमैन की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी और इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसा रात करीब पौने 9 बजे गंदेवड़ में पेट्रोल पंप के पास हुआ। थाना मिर्जापुर क्षेत्र के जाटोवाला गांव निवासी रोहित (40) पुत्र ऋषिराम पावर कारपोरेशन में संविदाकर्मी था और लाइनमैन के पद पर कार्यरत था। उसकी ड्यूटी बेहट विद्युत उप स्टेशन पर थी। रात करीब साढ़े आठ बजे रोहित बेहट विद्युत स्टेशन से बाइक पर अपने गांव लौट रहा था। गंदेवड़ में पेट्रोल पंप के पास उसकी बाइक ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। हादसे में रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर 100 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और रोहित को लहूलुहान हालत में बेहट सीएचसी लेकर आई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कोतवाली बेहट पुलिस भी सीएचसी पहुंच गई और मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार युवक ने हेलमेट नहीं लगाया हुआ था।