सहारनपुर। जिला स्वच्छता समिति के अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि स्वच्छता ब्रांड अंबेसडर अपने प्रभाव का प्रयोग कर स्वच्छता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र एक साथ खुले में शौच मुक्त होने की जानकारी देते हुए स्वच्छता ब्रांड अंबेसडर से अपेक्षा किया कि मानव व्यवहार परिवर्तन के लिए प्रभावशाली लोगों का योगदान बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रत्येक माह स्वच्छता ब्रांड अंबेसडर की बैठक आयोजित करने और विकास खंड स्तर से भी स्वच्छता ब्रांड अंबेसडर का चयन करने को कहा। सांसद राघव लखन पाल शर्मा ने स्वच्छता के ब्रांड अंबेसडरों का स्वागत किया। स्वच्छता ब्रांड अंबेसडर योग गुरू पद्मश्री भारत भूषण ने स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने का सुझाव दिया। स्वच्छता ब्रांड अंबेसडर डॉक्टर नवाज देवबंदी ने साहित्यकारों के साथ-साथ छात्र छात्राओं, शिक्षकों स्वयंसेवियों को भी स्वच्छता अभियान से जोड़ने का सुझाव दिया। स्वच्छता ब्रांड अंबेसडर डॉक्टर वीरेंद्र आजम, राजेन्द्र राजन, आशुतोष शर्मा, केएल अरोड़ा, डॉक्टर एसके उपाध्याय, शीतल टंडन, सरदार किरणजीत संधू, एडवोकेट फराह फैज आदि ने भी विचार रखे। अपर जिलाधिकारी ( वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह, देवभास्कर पाण्डेय संदीप सिंह आदि मौजूद रहे।