बेहट (सहारनपुर)। खनन कारोबारी पूर्व एमएलसी हाजी मोहम्मद इकबाल और उनके परिवार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में सोमवार को बसपाइयों ने तहसील में प्रदर्शन किया और राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। बसपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे तहसील पहुंचे और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि भाजपा सरकार बेवजह पूर्व एमएलसी हाजी मोहम्मद इकबाल और उनके परिवार को परेशान कर रही है। स्थानीय पुलिस प्रशासन हाजी इकबाल उनके और उनके परिवार के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कर रहा है। गैंगेस्टर एक्ट की धारा फर्जी तरीके से लगाई गई है। शासन-प्रशासन मिलकर हाजी इकबाल के खिलाफ एक तरफा कार्रवाई कर रहा है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी दी कि सरकार ने हाजी मोहम्मद इकबाल और उनके परिवार का उत्पीड़न बंद नहीं किया, तो पार्टी हाईकमान के निर्देश पर बसपा के कार्यकर्ता सर्व समाज को साथ लेकर सड़कों पर उतर कर सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। विरोध प्रदर्शन के बाद बसपाइयों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार बेहट सुधीर कुमार को सौंपा, जिसमें मांग की गई, कि पूर्व एमएलसी हाजी मोहम्मद इकबाल और उनके भाई एमएलसी महमूद अली समेत उनके परिवार के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमे और गैंगेस्टर एक्ट की कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि सच सामने आ सके। प्रदर्शनकारियों में बसपा के बेहट विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष बबलू कुमार, पूर्व राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त हरिराम गौतम, ब्लाक प्रमुख हंसराज गौतम, जिला प्रभारी वेदपाल गौतम, विजयपाल, पवन कांबोज, महावीर सिंह, मोहतसीम प्रधान, कारी वाजिद, हाजी महताब, राजेश प्रधान, अमित प्रधान, कंवरपाल, सत कुमार, शिवकुमार और राजन सरदार आदि शामिल रहे।