चिलकाना। क्षेत्र के एक किसान ने राजस्व सचिव को पत्र लिखकर बताया कि सहकारी समिति आल्हणपुर ने उसकी जमीन कागजों में ज्यादा दर्शा कर ऋण माफी योजना से वंचित कर दिया है। गांव गाजदीनपुर निवासी रामधन ने बताया कि उसके पास 3 एकड़ जमीन है तथा वह ऋण माफी योजना में पात्र है। लेकिन, सहकारी समिति आल्हणपुर के अधिकारियों ने सहकारी बैंक में उसका खाता खोलने से मना कर दिया। बैंक तथा सहकारी समिति के अधिकारियों ने अपने कागजों में तीन एकड़ के स्थान पर सात एकड़ जमीन दर्शा रखी है। ज्यादा जमीन दर्शाने के कारण उसे सरकार की ऋण माफी योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। रामधन ने राजस्व सचिव से इस प्रकरण में जांच कराकर ऋण माफी योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।