गंगोह (सहारनपुर)। रक्षाबंधन के त्योहार के नजदीक आते ही बाजारों में राखियों और मिठाइयों की दुकानें सज गई हैं। महिलाएं और युवतियां भी जमकर खरीदारी कर रही हैं। बता दें कि 7 अगस्त को रक्षा बंधन का त्योहार मनाया जाएगा। इसके लिए बहनें तैयारियों में जुट गई हैं। नगर में गुरुद्वारा रोड, पीठ बाजार, जवाहर गंज सहित अन्य बाजारों में राखियों के अलावा आर्टिफीशियल ज्वैलरी की दुकानें सज गई हैं। दुकानदारों सुशील, अंकुर, महावीर, किशोर पटवा, अशोक, मनोज आदि दुकानदारों ने बताया कि बाजार में इस बार कार्टून के अलावा म्यूजिकल लाइट वाली राखियां धूम मचा रही हैं। महिलाएं एवं युवतियां भी इन्हें खूब पसंद कर रही हैं। मिठाई विक्रेताओं ने भी घेवर के साथ-साथ अन्य मिठाइयां बनाने के लिए कारीगर लगा रखे हैं। रक्षाबंधन वाले दिन ही श्री रामलीला महोत्सव मंडल के तत्वावधान में श्री रामलीला भवन पर धर्म ध्वजा भी स्थापित होगी। इसी के साथ श्री रामलीला मंचन की तैयारियां आरंभ कर दी जाएगी।