देवबंद रेलवे स्टेशन पर लगीं इलेक्ट्रॉनिक घड़ियां ठप
देवबंद। रेलवे स्टेशन पर लगी इलेक्ट्रानिक घड़ियां महीने भर से बंद पड़ी हैं। इस कारण प्लेटफार्म पर बैठकर ट्रेनों का इंतजार करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश स्टेशनों पर समय देखने को इलेक्ट्रानिक घड़ियां लगा रखी हैं। देवबंद में भी प्लेटफार्म नंबर एक पर दो घड़ियां लगी हैं। लेकिन ये घड़ियां करीब एक महीने से बंद पड़ी हैं। इस कारण यात्री परेशान हैं। युवा पंजाबी क्लब के अध्यक्ष गुरजोत सिंह सेठी, भारत विकास परिषद (मेन शाखा) के विवेक तायल और राजेश सिंघल, गंडासा रोलिंग मिल्स के विजेश कंसल, किसान व्यापारी नेता मनोज सिंघल, दैनिक यात्री श्रवण शर्मा, व्यापारी दलीप मल्होत्रा, नीरज त्यागी आदि ने बताया कि उन्होंने रेलवे अधिकारियों से बंद घड़ियों को शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। स्टेशन अधीक्षक इकराम अली ने बताया कि इलेक्ट्रानिक घड़ियों का सर्किट खराब हो गया है। जल्द ही उन्हें ठीक कराया जाएगा।