नकुड़ (सहारनपुर)। तहसील की राजस्व टीम ने बकायादारों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत एक दर्जन से अधिक बकाएदारों से करीब साढ़े बारह लाख रुपये की वसूली की है। इस दौरान टीम ने पांच बकायादारों को तहसील कार्यालय में बैठा लिया तथा ऋण अदा करने के बाद ही छोड़ा। तहसीलदार परमानंद झा के नेतृत्व में राजस्व टीम ने बकायादारों के विरुद्ध चलाये जा रहे राजस्व वसूली अभियान के तहत सख्ती दिखाते हुए करीब साढ़े बारह लाख रुपये के राजस्व की वसूली की। इस दौरान टीम ने बार-बार नोटिस दिये जाने के बावजूद बकाया ऋण अदा नहीं करने वाले पांच बकायादारों को पकड़कर तहसील कार्यालय लाकर बैठा लिया। तहसीलदार ने बताया कि जिसके बाद शाम को सभी पकड़े गये बकायेदारों को बकाया ऋण की अदायगी करने के बाद छोड़ दिया गया है। राजस्व संग्रह टीम में नायब तहसीलदार अजब सिंह राणा, संग्रह अमीन वीरेंद्र सैनी, रामकिशन, सुभाष चंद, अक्षय कुमार, चमनलाल व वेदप्रकाश सहित पुलिस बल शामिल रहा।