बेहट (सहारनपुर)। मिर्जापुर में मानसिक रूप से बीमार एक व्यक्ति ने आम के बाग में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लिखा पढ़ी करने बाद परिजनों पोस्टमार्टम कराने से मना करने पर शव को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया। मिर्जापुर निवासी इसरार पुत्र लोहरी दिमागी रूप से बीमार था और गांव में घूमता रहता था। परिजनों के अनुसार इसरार रात के समय भी घर से उठकर चला जाता था और अपने आप ही वापस आ जाता था। मंगलवार की रात में इसरार घर से जाने के बाद वापस नहीं आया। बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास ही एक आम के बाग में इसरार को एक पेड़ पर फांसी पर लटका देखा और इसकी सूचना उन्हें दी। वह मौके पर गए तो इसरार अपनी शर्ट से फांसी लगाकर लटका हुआ था। उधर ग्रामीणों की सूचना पर थाना मिर्जापुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव का पंचायतनामा भरा। परिजनों के पोस्टमार्टम कराने से मना करने पर पुलिस ने शव को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया।