मेहंदी में अंजली और रंगोली में मीनू ग्रुप ने बाजी मारी
नागल। कस्बे के आशादीप डिग्री कालेज में सुभाषचद बोस जन्मोत्सव के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय में आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में अंजली ने प्रथम, महजबी ने द्वितीय व प्रियंका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में मीनू ग्रुप ने प्रथम, पूजा ग्रुप ने द्वितीय व काजल ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में शुभम, अंकित, सचिन, जैकी, विभू, शीतल, अनीता ने भाग लिया। छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रबंधक अमित कुमार ने कहा कि सुभाष चंद बोस जैसा व्यक्तित्व संसार में युगो में जन्म लेता है। नेता जी ने देश की आजादी के लिए जीवन भर संघर्ष किया और देश प्रेम की अलख लगाई। अश्वनी कुमार, शैली शर्मा, संयोगिता, गोविंद, सुमित, दीपा, जूली, रेनू, आशु, प्रियंका और निशा आदि उपस्थित रहे।