बेहट (सहारनपुर)। पठलोकर और अनवरपुर बरौली के बीच शुक्रवार की सुबह दो बाइकों की टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर उसके परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और कानूनी कार्रवाई के बिना ही शव को उठाकर ले गए। हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ। गांव सुनहैटी निवासी संदीप (25 वर्ष) पुत्र राजकुमार उत्तराखंड के भगवानपुर में स्थित किसी प्राइवेट कंपनी में काम करता था। सुबह वह बाइक से भगवानपुर जा रहा था। रास्ते में पठलोकर एवं अनवरपुर बरौली के बीच उसकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टक्कर गई। हादसे में संदीप बाइक समेत सड़क पर गिरा और उसकी गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। दूसरा बाइक सवार खुर्रमपुर गांव का बताया गया है। उसे भी चोट लगी है।