नानौता (सहारनपुर)। दिल्ली-यमुनौत्री राजमार्ग गड्ढों में सड़क नजर आती है। पिछले कुछ समय से नानौता संजय चौक से जंधेड़ी चेक पोस्ट के बीच सड़क में गड्ढों की भरमार है। आए दिन हो रहे हादसे के बावजूद लोक निर्माण विभाग के कानों तले जूं नहीं रेंग रही है। सबसे पहले सड़क की बदहाली नगर के संजय चौक पर देखने को मिलती है, जहां रोजाना हादसा हो रहे हैं। इसके बाद दूसरी बदहाली दिल्ली रोड स्थित अनुभव गार्डन कालोनी के पास बनी बदहाल पुलिया व उससे 100 मीटर आगे राज धर्म कांटे के बाहर बनी पुलिया की है। जहां शायद ही कोई दिन ऐसा जाता हो जहां बाइक से लेकर ट्रैक्टर ट्रालियां पलटती न हो। शुक्रवार को इस पर सवारियों से भरा घोड़ा तांगा पलट गया। इसमें सवार महिलाओं ने कूदकर जान बचाई तो कुछ सवारियों को चोटें भी आई। नगरवासियों कुंवर रविंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, डा. कृष्णपाल सैनी, राकेश कौशिक, डा. जयकर्ण सिंह, सभासद अशोक राणा, अनिल राणा, अभिजीत सिंह, प्रीतम राणा, अमित गिल आदि का कहना है कि प्रदेश सरकार के आदेशों को दरकिनार कर विभागीय अधिकारी आंखें मूंदकर बैठे हैं।