चिलकाना (सहारनपुर)। चिलकाना थाना क्षेत्र के गांव बरथाकायस्थ निवासी इमरान पुत्र रमजान शुक्रवार सायं करीब चार बजे यमुना नदी से अपनी भैंसा बुग्गी में खेत से चारा लेकर आ रहा था। यमुना नदी के तेज बहाव में उसकी भैंसा बुग्गी चारा सहित बह गई, जबकि इमरान ने तैर कर अपनी जान बचाई। काफी समय बाद ग्रामीणों ने इमरान की भैंसा बुग्गी को करीब एक किलोमीटर दूर देख लिया, जबकि उसका भैंसा कुछ दूरी पर मृत पाया गया। इमरान ने बताया कि उसके भैंसे की कीमत करीब 50 हजार रुपये थी। इमरान की आय का एकमात्र साधन यह भैंसा बुग्गी ही थी।