बेहट (सहारनपुर)। यमुना नदी से बिना प्रपत्रों के पत्थर लेकर आ रही पांच ट्रैक्टर-ट्रालियों को रायल्टी कर्मचारियों ने पकड़कर कोतवाली पुलिस को सौंप दिया, लेकिन पुलिस ने सभी ट्रैक्टर ट्रालियों को दो घंटे बाद छोड़ दिया। रविवार की सुबह करीब 6 बजे यमुना नदी से बिना प्रपत्रों के पत्थर भरकर ला रहे पांच ट्रैक्टर-ट्रालियों को गंदेवड़ तिराहे पर रायल्टी कर्मचारियों ने पकड़ लिया और कोतवाली पुलिस को सौंप दिए। पुलिस ने सभी ट्रैक्टर-ट्रालियों को कोतवाली के बाहर खड़ा करा लिया, लेकिन दो घंटे बाद सभी वाहनों को छोड़ दिया गया। इन सभी ट्रैक्टर-ट्रालियों के चालकों द्वारा पुलिस को लाकर दी गई रायल्टी 8 बजे जारी की गई थी, जबकि इन्हें पकड़ा गया सुबह 6 बजे। यह सभी वाहन जिस समय पकड़े गए थे, उस समय उनके पास कोई प्रपत्र नहीं थे, ऐसे पुलिस ने उन पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें रायल्टी लाने का समय दिया। पुलिस की इसी ढिलाई से खनन माफियाओं के हौसले बुलंद है और बेखौफ होकर अवैध खनन भी कर रहे हैं और खनिज का परिवहन भी। कोतवाली प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि सभी ट्रैक्टर-ट्रालियों के चालकों द्वारा बाद में रायल्टी लाकर दिखा दी गई थी, जिस पर उन्हें छोड़ा गया।