बरात की वीडियोग्राफी कर रहे युवक की हादसे में मौत
बेहट। थाना मिर्जापुर क्षेत्र के जाटोवाला गांव में बरात की वीडियोग्राफी कर रहे युवक की बाइक से सामने से आ रही बाइक टकरा गई, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव रायेपुर में आयोजित शादी समारोह में वीडियोग्राफी करने के लिए साढ़ोली भूड़ निवासी अंकित (24) पुत्र कीरतराम को बुलाया गया था। उसके साथ पंकज शर्मा निवासी गांव कलसिया बाइक से वीडियोग्राफी करते हुए बरात में गांव जाटोवाला जा रहे थे। इसी दौरान जाटोवाला गांव में पहुंचने पर उनकी बाइक सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। हादसे में अंकित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष मिर्जापुर ने बताया कि तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।