नकुड़ (सहारनपुर)। गांव अघ्याना में करीब 42 वर्षीय एक व्यक्ति ने पंखे से लटक कर अपनी जान दे दी है। आत्महत्या का कारण गृह क्लेश बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली के एसएसआई अजय गौड़ ने बताया कि मंगलवार की सुबह पुलिस को गांव अघ्याना में एक व्यक्ति को फांसी के फंदे पर लटक कर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने गांव पहुंचकर पूछताछ की तो अघ्याना निवासी कंवरपाल ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसके पुत्र अनिल का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था। जिसकी वजह से वह तनाव में था। मंगलवार की सुबह परिजन सो कर उठे तो उन्होंने अनिल को उसके कमरे में पंखे पर लटका हुआ मृत पाया। यह देख परिजनों में कोहराम मच गया। एसआई कौशल गुप्ता ने बताया कि शव की हालत से प्रतीत हो रहा था कि अनिल ने किसी समय रात में फांसी लगाकर आत्महत्या की है।