यज्ञ से होता है वातावरण शुद्ध और मंगलमय : कौदंड
सहारनपुर। वंदेमातरम मिशन एक चिंगारी ट्रस्ट के तत्वावधान में श्री गोदेवी मंदिर नुमाइश कैंप में चल रही श्रीमद्भागवत कथा का समापन किया गया।
बृहस्पतिवार को समापन अवसर पर कथा व्यास पंडित अनिल कृष्ण कौदंड ने हवन यज्ञ कराया। उन्होंने कहा कि यज्ञ से वातावरण मंगलमय और शुद्ध हो जाता है। कुरुक्षेत्र में सूर्य ग्रहण के अवसर पर भगवान श्री कृष्ण ने भी अपने पिता वासुदेव के द्वारा विश्वजीत यज्ञ कराया और शांति प्रेम का संदेश दिया। यज्ञ से ही सनातन धर्म के सभी धार्मिक अनुष्ठान पूरे होते हैं। संस्थापक विजयकांत चौहान ने कथा व्यास पंडित अनिल कृष्ण कौदंड, मंडलेश्वर सुभाष बापू स्वामी, राम सुख महाराज, राधा रमन दास को पगड़ी पहनाकर, तिलक लगाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। श्रद्धालुओं ने गोसेवा का संकल्प लिया और और गऊशाला की परिक्रमा की। सुधीर गुंबर, नितिन मित्तल, रमा सेतिया, पूनम खुराना, वर्षा, सचिन गुंबर, गगन गुंबर, विनोद कुमार, दिलीप कुमार, लवी कुमार, सचिन शर्मा, आशीष गुर्जर मौजूद रहे।