भैंस को जहर देकर मारा
अंबेहटा। कस्बे के मोहल्ला किलीयाकुआं निवासी किसान मंजूर पुत्र साबिर ने बताया कि शनिवार की दोपहर करीब एक बजे जब वह घेर में गया तो उसकी भैंस कराह रही थी। भैंस के मुंह से झाग और गोबर में खून आ रहा था। उसने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना पर चौकी प्रभारी विनोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक ने भैंस को मृत घोषित कर दिया। पीड़ित ने भैंस को जहर देकर मारने का अंदेशा जताते हुए मुआवजे की मांग की। पशु चिकित्सक ने बताया की पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे। पीड़ित ने भैंस की कीमत करीब अस्सी हजार रुपये बताई है। बता दे कि दो माह पूर्व भी अज्ञात लोगों ने मंजूर की दो भैंसों को जहर देकर मार दिया था।