रामपुर। मालगाड़ी के वैगन में बैठे युवक को आरपीएफ ने उतारकर परिजनों को सौंप दिया है। युवक मानसिक रूप से बीमार है।
मामला शुक्रवार रात नौ बजे का है। रामपुर रेलवे पुलिस को सूचना मिली कि मालगाड़ी के वैगन में एक युवक सवार है, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई और मालगाड़ी के वैगन में छानबीन की। एक वैगन में एक युवक सवार था। पुलिस ने युवक को उतार लिया और मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। आरपीएफ इंस्पेक्टर आरपी यादव ने बताया कि युवक ने अपना नाम लकी निवासी इंडियन बताया तथा कुछ बहकी बहकी बातें कर रहा था, जिसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। उसके पास से एक मतदाता पर्ची मिली, जिसमें उसका नाम सोमपाल पुत्र जगत सिंह निवासी गांव मवैया पट्टी शाहजहांपुर पाया गया। तत्पश्चात, थानाध्यक्ष खुदाबख्श गंज के द्वारा निवर्तमान ग्राम प्रधान मवाईया पट्टी आलोक सिंह के मोबाइल नंबर पर वार्ता की गई तथा वीडियो कॉलिंग कर उपरोक्त व्यक्ति से बात कराई गई, तो उसका नाम पता उपरोक्त पाया गया। उन्होंने बताया कि इसकी मानसिक दशा ठीक नहीं थी। युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।