सैदनगर। अजीम नगर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है।
घटना थाना क्षेत्र के दिलपुरा गांव के पास की है। नगलियां आकिल निवासी माजिद (25) अपने साथी के साथ रामपुर से घर जा रहा था। बताते हैं मंगलवार रात करीब 10 बजे सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। दोनों गंभीर रूप से घायल लोगों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर परिजन इलाज के लिए हायर सेंटर लेकर जाने लगे लेकिन रास्ते में ही माजिद की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक को बरेली रेफर कर दिया गया है। युवक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष अमर सिंह राठौड़ ने बताया युवक के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जल्दी चालक को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।