मिलक। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
क्षेत्र के ग्राम करीमगंज निवासी आकाश की पत्नी का शव फंदे पर झूलता मिला जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जायजा लिया । बरेली जनपद के थाना फतेहगंज के ग्राम दुगी पुर निवासी हरि सिंह यादव ने डेढ़ वर्ष पूर्व अपनी पुत्री ज्ञानती (22) का विवाह मिलक थाना क्षेत्र के ग्राम करीमगंज निवासी आकाश के साथ किया था मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि हमारी पुत्री की हत्या की गई है क्योंकि हमारी पुत्री की मौत की सूचना हमें ग्रामीणों द्वारा प्राप्त हुई और सूचना पर हम लोग अपनी पुत्री के ससुराल पहुंच गए और वहां जाकर देखा तो ज्ञानती के ससुराल वाले सभी लोग मौके से फरार थे । ग्रामीणों की मदद से फंदे पर झूलते हुए शव को नीचे उतारा गया । मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि मृतका के ससुराल वाले कई बार दहेज की मांग कर चुके हैं और 20 दिन पहले 4 लाख रुपये की मांग की थी। मृतका के मायके वालों ने कोतवाली पहुंचकर मृतका के पति आकाश, सास पुष्पा और ससुर चरन सिंह के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है । प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि करीमगंज में एक विवाहिता की मौत हुई है मृतका के भाई ने कोतवाली में तहरीर दी है मृतका के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है तथा पुलिस घटना की जांच कर रही है जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।