रामपुर। कोतवाली क्षेत्र के खरदिया गांव में पति से विवाद के बाद कविता (35) ने जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से उत्तराखंड के निजी अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मृतका के मायके वालों ने आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। हालांकि, बाद में समझौता हो गया। कोतवाली क्षेत्र के खरदिया गांव निवासी सर्वेश कुमार का बुधवार की दोपहर लगभग दो बजे अपनी पत्नी कविता से विवाद हो गया था। परिजनों ने दोनों के बीच मामला शांत भी करा दिया था, लेकिन कविता ने कमरे में जाकर जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद पति जब कमरे में पहुंचा तो कविता बेहोश पड़ी थी और मुंह से झाग निकल रही थी।
परिजन तुरंत उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां से डॉक्टर ने तुरंत रेफर कर दिया। फिर उसे उत्तराखंड के काशीपुर में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रात आठ बजे उसकी मौत हो गई। परिजन उसका शव लेकर घर आ गए। कविता की मौत की सूचना मिलने पर मुरादाबाद जनपद के थाना भगतपुर के निवाड़खास गांव के मझरा निवासी मायके के लोग आ गए।
मृतका के मायके वालों ने आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने पुलिस कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। हालांकि, बाद में रिश्तेदारों ने समझौता करा दिया। मृतका के एक बेटे व दो बेटियों के नाम संपत्ति कराने के आश्वासन पर मायके वाले मान गए। लिखित समझौता होने के बाद ही बृहस्पतिवार की सुबह अंतिम संस्कार कर दिया गया।