रामपुर। नदी की जमीन को जौहर यूनिवर्सिटी में मिलाने के मामले में राजस्व निरीक्षक मनोज कुमार ने कोर्ट में पेश होकर बयान दर्ज कराए। उनकी गवाही पूरी नहीं हो पाई है। इस मामले की अगली सुनवाई 28 मई को होगी। अजीमनगर थाने में राजस्व निरीक्षक मनोज कुमार ने 2020 में सपा नेता आजम खां, अब्दुल्ला आजम, तंजीन फात्मा, चमरौवा विधायक नसीर अहमद खां, जेड आर सिद्दीकी, फसी जैदी, जकी उर्रहमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि इन लोगों ने नदी की जमीन को जौहर यूनिवर्सिटी में लिया था। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है। शुक्रवार को इस मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान राजस्व निरीक्षक मनोज कुमार कोर्ट में पेश हुए और उन्होंने गवाही दी। जिरह के लिए कोर्ट ने 28 मई की तारीख तय की है। वहीं दूसरी ओर शत्रु संपत्ति कब्जाने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में अजीमनगर थाने में दर्ज पूर्व सीओ आले हसन, सपा नेता आजम खां, रजिस्ट्रार रोशन अली के खिलाफ दर्ज मुकदमे में मुकदमे के वादी तहसीलदार केजी मिश्रा ने कोर्ट में पेश होकर अपने बयान दर्ज कराए। कोर्ट ने जिरह के लिए 28 मई की तारीख तय की है। इसके अलावा शत्रु संपत्ति के एक मामले में शुक्रवार को सुनवाई नहीं हो सकी। इस मामले की अगली सुनवाई 17 मई को होगी।