रामपुर। टांडा कोतवाली में ग्राम सईदनगर निवासी मोबिन ने शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज कराई है कि हसनपुर गांव निवासी अनित ने उसकी बहन गुलफिजा को बहला फुसलाकर उसका अपहरण करके ले गया है। इस मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब अनित और गुलफिजा ने वीडियो वायरल कर कहा है कि हम बालिग हैं और हमने अपनी मर्जी से शादी की है।
गुलफिजा ने वी डियो में कहा है कि हमारे घर वालों ने शुक्रवार को हमला भी किया था। वो हमारे जान के पीछे पड़े हैं। अगर हमें कुछ होता है तो इसके लिए हमारे घर वाले जिम्मेदार होंगे। थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में मोबिन ने कहा कि बृहस्पतिवार की रात लगभग एक बजे अनित उसकी बहन का अपहरण करके ले गया है। इसके बाद दोनों ने शादी रचा ली है। गुलफिजा ने वायरल वीडियो में कहा है कि वह बालिग है और उसने अपनी मर्जी से शादी की है। उसने पुलिस से भी अनुरोध किया है कि उसे सुरक्षा प्रदान की जाए। अनित और गुलफिजा का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अनित के खिलाफ अपहरण के आरोप में रिपोर्ट दर्ज है। युवती अगर इस मामले में कुछ कहना है चाहती है तो उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। उसके बयान कोर्ट में भी दर्ज कराने पड़ेंगे।