रामपुर। नियमित टीकाकरण से वंचित शून्य से दो वर्ष तक के बच्चों व अन्य आयु वर्ग की गर्भवतियों को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए मिशन इंद्रधनुष की शुरुआत होने जा रही है। स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण से छूटे और इनकार करने वाले परिवारों को चिह्नित करने के लिए आशा वर्करों के जरिए गांवों में सर्वे करा रहा है। सात मार्च से जिले में पांच साल में सात बार छूटे न टीका एक भी बार इसी स्लोगन के आधार पर स्वास्थ्य विभाग बच्चों और गर्भवतियों को टीका लगाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए आशा कार्यकत्रियों से सर्वे कराया जा रहा है। जिसके बाद बच्चों और गर्भवतियों की सूची प्राप्त हो जाएगी। इसके बाद सात मार्च से मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम चलाया जाएगा। जिसमें किसी कारण से नियमित टीकाकरण से छूट गए या गलतफहमी के चलते टीकाकरण न कराने वाले परिवारों को चिन्हित करने के बाद टीकाकरण कराया जाएगा।