मिलक (रामपुर)। तिलकोत्सव पर डीजे पर फिल्मी अंदाज में तमंचे के साथ करते हुए हर्ष फायरिंग करने से दो युवकों के गोली लगी। जिसपर अफरातफरी मच गई।
कोतवाली क्षेत्र के मेंहदीपुर गांव निवासी राजकुमार के बेटे मुकेश कुमार की रविवार की रात लगुन आई थी। जिसको लेकर तिलकोत्सव के कार्यक्रम चल रहा था। जिसमें तिलकोत्सव के जश्न पर डीजे पर डांस चल रहा था। जिसमें परिवार के लोग और रिश्तेदार डांस कर रहे थे। जश्न के बीच में नशे में धुत डांस करने वाला एक युवक तमंचा लहरा रहा था। उसने डांस करते हुए हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। जिस पर तिलकोत्सव में शामिल मुकेश का तहेरा भाई सुनील और गांव निवासी विनय के गोली लग गई। जिसपर समारोह में अफरातफरी के बीच भगदड़ मच गई। जिस पर समारोह के जश्न में रंग में भंग पड़ गया। परिवार वाले आननफानन में दोनों घायलों को लेकर रात 11 बजे सीएचसी पर पहुंचे। जहां पर डाक्टरों ने प्राथमिक इलाज करके रामपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हर्ष फायरिंग की सूचना पर पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने हर्ष फायरिंग करने वाले की धर पकड़ के लिए दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि हर्ष फायरिंग करने वाले पृथ्वी निवासी गोसमपुर का मजरा थाना पटवाई को चिह्नित कर लिया गया है। घायलों की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। मामले में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।