रामपुर। क्षेत्र के एक गांव निवासी 14 वर्षीय किशोर के साथ उसके दो दोस्तों ने डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। घटना लगभग 15 दिन पहले की है। किशोर को उदास देखकर जब परिजनों ने जोर देकर पूछा तो उसने जानकारी दी। पुलिस ने शनिवार रात को आरोपी युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर बताया कि उसके 14 वर्षीय बेटे की मित्रता मझरा अमीर खां गांव निवासी अनस और छपर्रा गांव निवासी सतीश से है। अनस व सतीश उसके बेटे को बहाने से अपने साथ घुमाने ले जाते थे। करीब 15 दिन पहले अनस व सतीश उसके बेटे को अपने साथ ले गए और स्वार के मोहल्ला अगलगा स्थित साप्ताहिक बाजार के निकट एक स्कूल के पास दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित के पिता का कहना है कि घटना के बाद से बेटा गुमसुम रहने लगा। जब उससे जोर देकर पूछा तब अपने साथ हुए दुष्कर्म की घटना की जानकारी दी। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 377, 506 के अलावा अन्य धाराओं के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली। कोतवाल संदीप त्यागी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई, लेकिन वे नहीं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।