हादसा देख मौके से गुजर रहे लोग मदद को दौड़ पड़े और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर चौकी इंचार्ज दिलीप कुमार घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को जिला अस्पताल ले जा रही थी लेकिन, इस दौरान रास्ते में ही राजीव (22) और राजू (23) की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल राहुल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराकर दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। वहीं, बाद में सीओ स्वार श्रीकांत प्रजापति घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों एवं पुलिस से घटना की जानकारी ली।
थानाध्यक्ष राहुल गंगवार ने बताया कि बाइक कौन चला रहा था। इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है, क्योंकि हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है जोकि जानकारी देने की अवस्था में नहीं है। पुलिस के अनुसार बाइक सवार हेलमेट लगाए थे या नहीं इस बात की तस्दीक की जा रही है, लेकिन मौके पर कोई हेलमेट नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।