रामपुर। शिकायतों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापामार कार्रवाई कर दो अपंजीकृत चिकित्सकों के क्लीनिक सील कर दिए।
डॉ. देवेश चौधरी के नेतृत्व में टीम ने पंजाबनगर स्थित तमन्ना पॉली क्लीनिक व एक अन्य बिना नाम से संचालित हो रहे अपंजीकृत चिकित्सकों के क्लीनिक पर छापामार कार्रवाई की। इस दौरान दोनों स्थानों पर संचालकों द्वारा मेडिकल प्रैक्टिस संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इन दोनों क्लीनिकों का सीएमओ कार्यालय में पंजीकरण भी नहीं था। तमन्ना पॉली क्लीनिक में बिना पंजीकरण के क्लीनिक संचालन के साथ ही बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोर भी संचालित किया जा रहा था। डॉ. देवेश चौधरी ने बताया कि दोनों क्लीनिक को सील कर दिया गया है। साथ ही कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।