मसवासी(रामपुर)। शनिवार की साप्ताहिक बाजार से सरेआम बाइक चुरा रहे दो बाइक युवकाें को लोगों ने पकड़कर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए चोर उत्तराखंड के बाजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के निवासी बताए गए हैं।
बिजारखाता में शनिवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। इस बाजार में दूरदराज के किसान अपनी उपज लेकर बाजार आते हैं। इस बाजार से कई बार बाइक चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके चलते बाइक सवार एवं दुकानदार समेत अन्य लोग सतर्क रहते हैं। शनिवार को उत्तराखंड बाजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के दो युवक बाइक उठाकर ले जाने लगे। लोगों ने इन्हें देख लिया और दोनों को पकड़कर पिटाई शुरू कर दी। इसके चलते मौके पर हंगामे की स्थिति बनी रही।
इसी बीच मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को चोरी की बाइक सहित अपनी गिरफ्त में ले लिया और पुलिस चौकी ले गए। इस संबंध में चौकी इंचार्ज श्रीपाल सिंह ने बताया कि मोटर साइकिल चोरी के आरोप में पकड़े गए युवकों से पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।