रामपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पहाड़ी गेट पर नैनीताल हाईवे पर शुक्रवार देर रात ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार फहीम को चपेट में लिया। ट्रक के पहिये बाइक सवार के दोनों पैरों पर चढ़ गए, जिससे युवक सड़क पर पैरों को देखकर चिल्लाता रहा। घटना की लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। गंभीर हालत में बाइक सवार युवक को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती, डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए बरेली रेफर कर दिया।
युवक टांडा के बादली गांव निवासी फहीम रामपुर शहर में परचून की दुकान करता है। फहीम शुक्रवार देर रात पहाड़ी गेट क्षेत्र में बहन के यहां गया था। पहाड़ी गेट नैनीताल रोड पर तेज गति से आ रहे ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को चपेट में ले लिया। जिससे ट्रक के पहिये दोनों पैरों को रौंदते हुए चले गए। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर भाग गया। लेकिन पुलिस ने ट्रक का पीछा किया और ड्राइवर समेत ट्रक को पकड़ लिया। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए जहां पर डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए बरेली हायर सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस ने घायल के परिजनों को सूचना दी। परिवार के लोग रामपुर जिला अस्पताल पहुंचे और घायल को इलाज के लिए बरेली ले गए। सिविल लाइंस थाना प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं आई है, लेकिन घायल को बरेली एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर आएगी तो मामले में कार्रवाई की जाएगी।