रामपुर। शासन के प्रोटोकाल को अपनाते हुए रविवार से त्रिपुरेश्वरी शक्ति पीठ मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खोला जाएगा। त्रिपुरेश्वरी शक्तिपीठ के पीठाधीश्वर आचार्य डॉ.राधेश्याम वासंतेय ने बताया कि जेष्ठ शुक्ल दशमी को श्री महा त्रिपुर सुंदरी ललिता एवं गुरुदेव की प्राण प्रतिष्ठा एवं शक्ति और उत्शरण का कार्यक्रम हुआ था। स्थापना के पावन पर्व पर रविवार को प्रात: 9 बजे शक्तिपीठ में घट स्थापन होगा। प्रात: 7 बजे से महा त्रिपुर सुंदरी एवं गुरुदेव के दर्शन शक्तिपीठ में प्रवेश करके चौकियों की दूरी से करने के लिए व्यवस्था कर दी गई है। सभी लोग मात्र दर्शन कर सकते हैं। कोई भी पूजा सामग्री लाएगा वह बाहर ही रख देगा। शिवलिंग पर जलाभिषेक नहीं होगा। रविवार से दर्शन की अनुमति रहेगी। प्रतिदिन सवेरे 7 बजे से 10 बजे तक पट खुले रहेंगे। संध्या में 5 बजे से रात 8 बजे तक दर्शनार्थियों के लिए पट खुले रहेंगे।