मसवासी (रामपुर)। बिजारखाता गांव में बाजपुर -मुरादाबाद मार्ग के किनारे खेल रहे विद्युत कर्मी के बेटे निहाल (8) और शिवम (8) काे बाइक सवार ने चॉकलेट का लालच देकर अपहरण करने की कोशिश की। बच्चों ने चीख पुकार मचाई तो उनकी पिटाई भी की। इस दौरान मौका पाकर बच्चों ने बाइक सवार को दांतों से काट लिया, जिसके चलते अपहरणकर्ता दोनों बच्चों को छोड़कर भाग गया। एक राहगीर की मदद से बच्चे अपने परिजन से मिल सके। पुलिस अपहरणकर्ता की तलाश में जुट गई है। दोनों बच्चे आपस में ममेरे -फुफेरे भाई हैं।
बिजारखाता गांव निवासी हरकेश स्थानीय बिजली घर पर संविदाकर्मी हैं। बुधवार की दोपहर लगभग ढाई बजे उसका बेटा निहाल मुख्य मार्ग पर मसवासी निवासी अपने ममेरे भाई शिवम के साथ खेल रहा था। इसी दौरान एक बाइक सवार इन बच्चों के पास आकर रुका और दोनों को चॉकलेट खिलाने का लालच देकर अपनी बाइक पर बैठा लिया और तेजी से बाइक चलाकर ले गया। लोगों ने बताया कि जंगल की ओर ले जाते देख बच्चों ने शोर मचाना शुरू क्रिया। उन्हें खामोश करने के लिए पिटाई कर दी। दोनों बच्चों ने अपने बचाव में बाइक सवार अपहरणकर्ता को दांतों से काटना शुरू कर दिया। बच्चों के काटने पर अपहरणकर्ता दर्द से चीखने लगा। मौका पाकर बच्चे बाइक से कूदकर भागने लगे। रास्ते में एक राहगीर मिला जिसे उन्होंने घटना के बारे में बताया। बच्चों के बताने पर राहगीर ने उनके परिजन से संपर्क कर पूरा मामला बताया, जिसे सुनकर उनके होश उड़ गए। बदहवास हालत में वह मौके पर आ गए। वह दोनों बच्चों को लेकर पुलिस चौकी आए। अपहरण की बात सुनकर पुलिस भी सन्न रह गईं। इस बीच पुलिस बाइक सवार अपहरणकर्ता की तलाश में जुट गई है। चौकी प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि बच्चे सकुशल हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।