मिलकखानम। गदरपुर मार्ग पर गल्ला व्यापारी की बाइक बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई जिसमें गल्ला व्यापारी की मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन रोते-बिलखते घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
मिलकखानम निवासी अमृतपाल अग्रवाल (50) गल्ला व्यापारी हैं। उन्होंने अपना आवास गदरपुर में भी बना रखा है जहां वह पत्नी और बच्चों के साथ रहते हैं। बताया जाता है कि शनिवार की सुबह उनका स्वास्थ्य खराब था और वह दवा लेकर गदरपुर से वापस मिलकखानम आ रहे थे। बताया जाता है कि जैसे ही वह मिलकखानम कॉलोनी के निकट पहुंचे अचानक उनकी बाइक बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई जिससे उनका सिर पेड़ में लगा और वह गिरकर लहुलुहान हो गए। राहगीरों ने उनकी पहचान करते हुए तत्काल ही परिजन तथा मिलकखानम पुलिस को सूचना देदी।
कुछ ही देर में उनका बेटा और पुलिस मौके पर आ गए। नब्ज टटोलने पर उनकी सांसें थम चुकी थीं। पिता की मौत से बेहाल बेटे को ग्रामीणों ने संभाला और सांत्वना दी। इस बीच पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।