रामपुर। जिला जेल में बंद भाइयों को राखी बांधने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। सुबह से ही जेल के बाहर लाइनें लग गई थीं। जेल में 745 महिलाओं ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। राखी बांधते समय बहनों की आंखें छलक उठीं।रक्षाबंधन के मौके पर जेल में भी बहनों की भीड़ उमड़ पड़ी। बृहस्पतिवार की सुबह से ही महिलाओं की भीड़ भाइयों से मिलने के लिए लगने लगी थी। बारी आने के बाद महिलाओं ने जेल में बंद भाइयों के राखी बांधी और उनके शीघ्र ही जेल से बाहर आने की कामना की। मिलाई का सिलसिला दिन भर चलता रहा।
जेल अधीक्षक प्रशांत मौर्य ने बताया कि जेल में निरुद्ध 356 बंदियों की मुलाकात उनकी बहनों व परिजनों से कराई गई। जेल में मुलाकात के लिए 745 महिला एवं 250 बच्चे पहुंचे थे। यहां पर बहनाें ने अपने भाइयों की कलाई में राखी बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया। इस मौके पर जेल प्रशासन की ओर से पेयजल एवं वॉटर प्रूफ टेंट की व्यवस्था कराई गई थी। मिठाई और खाने-पीने की वस्तुएं जेल के अंदर ले जाने की अनुमति रही। सुरक्षा व्यवस्था के नजरिये से जेल के अंदर व बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस बल इस दौरान व्यवस्था बनाने में लगा रहा।