शाहबाद (रामपुर)। शाहबाद से रामपुर की ओर जा रहे तेल के टैंकर समेत तीन वाहन पलट गए। बड़ा हादसा तो नहीं हुआ, लेकिन टैंकर को सीधा करने में करीब तीन घंटे लग गए। जिस कारण शाहबाद-रामपुर रोड पर जाम लगा रहा।
बुधवार सुबह बरेली के आनंद राठौर का पेट्रोल और डीजल से भरा टैंकर बरेली के आंवला से रामपुर की ओर जा रहा था। रामपुर रोड स्थित किरा गांव के पास एक डंपर को बचाने के चक्कर में टैंकर पलट गया। टैंकर के पलटते ही चालक भाग गया। सूचना के बाद फायर सर्विस से फायर मैन अरविंद कुमार और सचिन तोमर पहुंच गए। फायर सर्विस और पुलिस ने भीड़ को हटाया। बताया जाता है कि वहां मौजूद लोग पेट्रोल और डीजल को भरना चाह रहे थे। सुरक्षा के लिहाज से भीड़ को हटाया गया। वहीं क्रेन मंगवाकर टैंकर को तीन घंटे में सीधा किया गया। इन तीन घंटों के बीच शाहबाद-रामपुर रोड के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। बताया गया कि टैंकर के दो चेंबर में पेट्रोल और दो चेंबर में डीजल भरा हुआ था। टैंकर के पलटने पर करीब हजार पंद्रह सौ लीटर पेट्रोल और डीजल बह गया। इसी दौरान रामगंगा पुल के पास एक ट्रक भी पलट गया। दूसरी ओर मतवाली के पास ट्रक पलट गया। लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। केवल वाहनों में नुकसान हुआ है।