रामपुर। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस की बलभद्रपुर गांव के जंगल में गोवंशीय पशु को काट रहे गोतस्करों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पुलिस ने तीन गोतस्करों को दबोच लिया, जिसमें दो के पैर में गोली लगी है। वहीं मौका पाकर तीन गोतस्कर भाग निकले। उनकी तलाश की जा रही है।
कोतवाल धनंजय सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव के जंगल में कुछ लोग गोवंशीय पशु काट रहे हैं। तड़के पांच बजे पहुंची पुलिस ने घेराबंदी की तो गोतस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुरादाबाद के थाना बिलारी के ग्राम आंवला निवासी बब्लू, जिला संभल के थाना नखासा के ग्राम लोधी सराय निवासी समीर गोली लगने से घायल हो गए। उनका तीसरा साथी कोतवाली मिलक के ग्राम रेवाड़ी कला निवासी अबरार बाइक से भाग रहा था। बाइक पेड़ से टकराने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे भी दबोच लिया। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस को चकमा देकर थाना शाहबाद के बड़ागांव निवासी सलीम, जिला मुरादाबाद के थाना बिलारी स्थित ग्राम सहसपुर निवासी बाबर उर्फ शरीफ और कोतवाली मिलक के रेवाड़ी खुर्द निवासी रिजवान उर्फ छोटा भाग निकले। पुलिस उनकी तलाश में लगी है। पुलिस को मौके से दो तमंचे, चार कारतूस, एक चाकू, गोवंशीय पशु का 80 किलो मांस, पशु को काटने के उपकरण, एक बाइक और एक कार बरामद हुई।