बिलासपुर। नगर में कुछ अज्ञात चोरों ने बिजली विभाग में संविदा कर्मी के बंद मकान के ताले तोड़कर 25 हजार नकद व 4 लाख रुपये की कीमत के जेवर आदि चोरी कर लिए। घटना के दौरान बिजलीकर्मी अपने परिवार समेत ससुराल गया हुआ था और उसके मकान में ताला पड़ा हुआ था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम पट्टी बसंतपुर निवासी हरीश गंगवार पुत्र तेजपाल गंगवार स्थानीय विद्युत उपकेंद्र में संविदा विद्युत कर्मी के पद पर कार्य करते हैं। वह अपने परिवार समेत नगर के मोहल्ला संत नगर कॉलोनी में रहते हैं। हरीश गंगवार के अनुसार वह रविवार को खजुरिया थाना क्षेत्र स्थित ग्राम मुंडा गोटिया स्थित अपनी ससुराल में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए परिवार समेत गए हुए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। सोमवार की शाम वह जब घर लौटे तो देखा घर के अंदर कमरों के ताले टूट हुए थे। कमरे के अंदर रखी अलमारी के भी ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा हुआ था। घर में चोरी होने का एहसास होने पर उन्होंने शोर शराबा कर आसपास के लोगों को मौके पर बुला लिया। सूचना पर कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बिजली कर्मी ने पुलिस को बताया कि वह घर में ताला लगाकर अपनी ससुराल गए हुए थे। अलमारी में रखे करीब 25000 रुपये व करीब चार लाख रुपये कीमत के सोने व चांदी के जेवर आदि गायब हैं, जिन्हें अज्ञात चोर चुरा कर ले गए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
बिजलीकर्मी हरीश गंगवार ने बताया कि चोरों ने अलमारी के दूसरे खाने में 10,000 रुपये की एक गड़्डी रखी हुई थी, जो पूरी तरह से सुरक्षित मिली है। संभावना है कि चोर जल्दीबाजी में दूसरे लाकर को नहीं खोल पाए थे, जिसकी वजह से उनकी नजर रुपयों पर नहीं पड़ सकी।