फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: गमगीन माहौल में हुआ भाई-बहन का अंतिम संस्कार

विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर। शुक्रवार की रात क्षेत्र के जाफराबाद गांव में ईंट भट्टे पर गड्ढे में भरे पानी में डूबकर भाई-बहन मधु (आठ) और अनमोल (सात) की मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को जब दोनों बच्चों के शव गांव पहुंचे तो पूरा गांव रो पड़ा। गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं बच्चों की पिटाई से घायल भट्ठा कर्मचारी बरेली के थाना शीशगढ़ के जाफरपुर गांव निवासी शरीफ अहमद को जिला अस्पताल से हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मिलक के जाफराबाद गांव निवासी चंद्रपाल गंगवार की पुत्री मधु पुत्र अनमोल शुक्रवार शाम 5 बजे गांव में एक मंदिर पर बैठे अपने पिता को बुलाने गए थे। पिता ने थोड़ी देर में आने की बात कहते हुए उन्हें भेज दिया था। इसी दौरान दोनों भाई बहन भट्ठे पर खोदाई से बने गहरे गड्ढे के पास पहुंच गए और उसमें भरे पानी में डूबकर उनकी मौत हो गई थी।
विज्ञापन

काफी देर तक घर न पहुंचने पर जब परिजनों ने तलाश शुरू की तो उनके गड्ढे के पास उनके चप्पल पड़े मिले थे। जिसके बाद तलाश करने पर शव निकाले गए। गड्ढे की गहराई लगभग 7 से 8 फीट है। घटना से नाराज गुस्साए ग्रामीणों ने भट्ठे पर जाकर वहां एक भट्टा कर्मचारी शरीफ अहमद की जमकर पिटाई लगा दी। मौके पर पहुंची एसडीएम मोनिका सिंह ने समझाबुझाकर शांत कराया था। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए थे।
शनिवार को दोपहर तीन बजे जब दोनों मृतकों कर शव गांव पहुंचे तो क्षेत्र से हजारों की संख्या में लोग पहुंच गए। मौके पर एसडीएम तहसीलदार भारी पुलिस बल भी मौजूद रहा। शाम चार बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच गमगीन माहौल में दोनों बच्चों को दफना दिया गया। इस मौके पर राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख, जिला पंचायत सदस्य टेकचंद गंगवार, रजनीश पटेल सहित क्षेत्र के तमाम प्रधान आदि लोग भी उपस्थित रहे। कोतवाली प्रभारी अजय पाल सिंह ने मृतकों के परिजनों द्वारा अभी कोई भी शिकायती पत्र किसी के खिलाफ नहीं दिया गया है।
विज्ञापन




मरते दम तक साथ रहे भाई-बहन




अनमोल अपनी बहन मधु से एक साल ही छोटा था। ऐसे में दोनों भाई बहन हमेशा साथ रहते थे। मधु कक्षा दो और अनमोल कक्षा एक का छात्र था। परिजनों ने बताया कि दोनों में बहुत प्रेम था। हमेशा साथ खाना खाते, साथ स्कूल जाते थे। कोई भी चीज हमेशा आधी आधी बांट कर खाते थे। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों भाई बहनों में बहुत प्रेम था और वह अपने माता-पिता के अलावा गांव के भी बहुत लाडले थे। दोनों इस दुनिया को भी साथ छोड़ गए।




दोनों बच्चों की मौत से सूनी हो गई रचना की गोद





30 वर्षीय चंद्रपाल का विवाह नौ वर्ष पूर्व तहसील बिलासपुर क्षेत्र निवासी रचना के साथ हुआ था। शादी के एक साल बाद रचना ने बेटी मधु को जन्म दिया तो परिवार खुशी से झूम उठा। उसके एक साल बाद दंपती को बेटा अनमोल हुआ। इससे उनकी खुशी दोगुनी हो गई। अनमोल और मधु ही चंद्रपाल और रचना की दुनिया थे। दोनों बच्चों की मौत से माता-पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। रचना की गोद सूनी हो गई। बच्चों के शव देखकर रचना बार-बार बेेहोश हो रही थीं। दो बच्चों की मौत से गांववासी भी बहुत दुखी थी। किसी घर में चूल्हे नहीं जले।



भट्ठा स्वामियों के लालच से हो रही घटनाएं
ईंट भट्ठा स्वामियों द्वारा खेत किराए पर लिया जाता है, लेकिन मानक से ज्यादा खोदाई करने से गहरे गड्ढे बन जाते हैं। इसके चलते हादसे हो रहे हैं। कच्ची ईंट बनाने के समय खेत के बीचों-बीच एक गहरा गड्ढा किया जाता है जिसमें पानी और गारा बनाया जाता है। उस गड्ढे के अंदर हमेशा दलदली मिट्टी एकत्र रहती है। और जब तय समय बाद भट्टे के मालिक खेत वापस कर देते हैं तो उस गड्ढे को पाटने में लापरवाही बरती जाती है। न ही वह गड्ढा मिट्टी से पाटा जाता है और न बैरिकेडिंग की जाती है। यही वजह मौत का कारण बनती है। गुरुवार को भी ठीक इसी प्रकार की एक घटना मिलक स्थित एक ईंट भट्ठे पर हुई थी जिसमें दो भाइयों की डूबकर मौत हो गई थी।







11 दिनों में पानी में डूब कर हो चुकी है 9 मौतें





क्षेत्र में तालाब या नदी में डूब जाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मिलक क्षेत्र में पिछले 11 दिनों में पानी में डूबने के 5 हादसों के दौरान 9 लोग अपनी जान गवा चुके हैं। बरसात के शुरुआती दौर में 5 जुलाई को क्षेत्र के निपानिया गांव में एक नदी में डूबने से तीन छात्रों की मौत हो गई थी। वहीं 8 जुलाई को क्षेत्र के ग्राम पैगंबरपुर में एक नदी में डूबने से किसान की मौत हो गई थी और बीते बुधवार को मिलक नगर में एक भट्टे के समीप तालाब में डूब कर दो भाइयों की मौत हुई थी। बृहस्पतिवार को मिलक क्षेत्र के भैसोड़ी गांव में पीला खार नदी में एक छात्र डूब गया था जो अभी तक बरामद नहीं हो पाया है। वहीं शुक्रवार की रात जाफराबाद में भाई-बहन की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें